गुरुग्राम। गंदे पेयजल की समस्या से जूझ रहे अर्जुन नगर के लोगों को आखिरकार एक महीने बाद इस परेशानी से निजात मिल गई। मोहित मदनलाल ग्रोवर की टीम व नगर निगम के संयुक्त प्रयासों से पेयजल लाइन को सीवर लाइन से अलग कर दिया गया है।
इससे पहले इलाके में सीवर का गंदा पानी मिश्रित पेयजल सप्लाई किया जा रहा था। लोगों ने इस कार्य में सहायता के लिए मोहित मदनलाल ग्रोवर का आभार जताया है। अर्जुन नगर में पिछले एक महीने से भी अधिक समय से बदबूदार गंदे पानी की आपूर्ति हो रही थी। इस समस्या को लेकर इलाके के लोगों ने अनेक दफा नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की। अनेक शिकायतों के बाद नगर निगम के कर्मचारी समाधान के लिए पहुंचे तो सही लेकिन पेयजल आपूर्ति लाइन की लीकेज नहीं खोज पाए।
गंदे पानी की आपूर्ति के चलते यहां के निवासियों में पेट संबंधी बीमारियां बढ़ गई तथा स्थिति यह हो गई कि लोगों ने बोतलबंद पानी खरीदकर पीना शुरू कर दिया। घर के दूसरे कार्यों में निगम द्वारा सप्लाई किए जा रहे पेयजल का इस्तेमाल भारी पड़ने लगा। निगम अधिकारियों के रवैये से परेशान लोगों ने समाजसेवी मोहित मदनलाल ग्रोवर के समक्ष अपना दुखड़ा सुनाया।
उन्होंने भयंकर गर्मी में पानी की किल्लत व लोगों की परेशानी को देखते हुए अपनी टीम को समाधान की जिम्मेदारी सौंपी। कई दिनों के प्रयास के बाद पेयजल लाइन की लीकेज खोज ली गई तथा नगर निगम से कोर्डिनेट कर लीकेज की समस्या का समाधान कर दिया। एक महीने से भी अधिक समय के बाद अर्जुन नगर में पुनः स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति हो पाई। काॅलोनी के अनिल कुमार, दीवान चंद, जॉनी सचदेवा, पंकज शर्मा, देवेन्द्र वर्मा व श्रवण वर्मा ने मोहित मदनलाल ग्रोवर से मुलाकात कर उनका आभार जताया।